वाराणसी। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने होटल गंगा फ्यूजन से पर्यटक का बैग चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए दो लैपटॉप, दो चार्जर, आठ किताबें, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पेन कार्ड, दो चश्मे और दो बैग बरामद किए हैं।
प्रभारी निरक्षक संतोष कुमार सिंह के मुताबिक 9 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी दशाश्वमेध उपनिरीक्षक अनुजमणि तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पत्थर गली के पास एक निर्माणाधीन मकान में छिपे विकास पाण्डेय और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया। विकास पाण्डेय प्रयागराज के कोरांव क्षेत्र का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर होटल गंगा फ्यूजन से एक काले रंग का बैग चोरी किया था। बैग में दो लैपटॉप और अन्य सामान रखा था। दोनों चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बरामद सामान में दो लैपटॉप, दो लैपटॉप चार्जर, आठ किताबें, दो एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो चश्मे और दो बैग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दशाश्वमेध उपनिरीक्षक अनुजमणि तिवारी समेत थाना दशाश्वमेध और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।








