पीडीडीयू नगर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत गुरुवार को सासाराम-बिक्रमगंज रेलखंड और सासाराम स्टेशन पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर और विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट या उचित प्राधिकार के यात्रा करने वालों पर कार्रवाई करना और यात्रियों को रेलवे नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा।
जांच के दौरान बिना टिकट या वैध यात्रा प्राधिकार के यात्रा करते हुए कुल 136 मामले पकड़े गए। रेल प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इन मामलों में जुर्माने के रूप में 73,115 रुपये का राजस्व अर्जित किया। अभियान के दौरान स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना टिकट यात्रा करने से बचें और सफर शुरू करने से पहले वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें। यात्री आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर, अधिकृत टिकट वेंडर, एटीवीएम या आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से टिकट ले सकते हैं। इसके अलावा रेलवन ऐप से भी टिकट प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है।
रेलवे के अनुसार, उचित टिकट लेकर यात्रा करना यात्रियों की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने से रेल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलती है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट अपने पास रखें, ताकि जांच के समय किसी तरह की परेशानी न हो और जुर्माने से भी बचा जा सके।





















