बेलीपार में सड़क हादसे की शिकार शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत, अज्ञात बाइक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा चौराहे पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुई 25 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेलीपार थाना क्षेत्र के जंगल रानी सोहास कुंवरी टोला महावीर छपरा निवासी किरण यादव (25) एक निजी विद्यालय में बच्चों को पढ़ाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान महावीर छपरा चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर, सीने, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि लगातार उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और सोमवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतका किरण यादव, मंडल यादव की पुत्री थीं। उनका स्थायी निवास ग्राम करैता, पोस्ट मुंडेरा ठाकुराई, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर बताया गया है।
घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर बेलीपार पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने महावीर छपरा चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







