28 से अधिक कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1207 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
चंदौली। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को महामाया पालीटेक्निक इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी, धानापुर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली और पालीटेक्निक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 28 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया। इसमें शामिल 1207 अभ्यर्थियों में से 392 को नौकरी का ऑफर दिया गया। विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलने से अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला।
रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, स्पार्क मिंडा, सुब्रोस, अमेजा इलेक्ट्रॉनिक, मुशासी ऑटो पार्ट्स इंडिया, याजाकी, कृष्णा मारुति, एमआरएफ, अदाणी सोलर और तिरुपति बालाजी मैन पावर सहित 28 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और निर्धारित मानकों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर रोजगार के लिए अपनी दावेदारी पेश की।
रोजगार संगम पोर्टल की दी जानकारी
जिला सेवायोजन अधिकारी ओम जी गुप्ता ने अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से रोजगार के अवसर तलाशने और आवेदन करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एमएसएमई इकाइयों को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक रोजगार सृजन के उद्देश्य से शुरू की गई नई योजना के बारे में भी बताया। अधिकारियों ने युवाओं को उपलब्ध रोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विधायक ने किया मेले का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में मिले अवसरों का लाभ उठाने और अपने कौशल के अनुरूप रोजगार हासिल करने की अपील की।
आयोजन में महामाया पालीटेक्निक के प्रधानाचार्य अजय सिंह और अनुदेशक मनीष राय ने सहयोग किया। अनुदेशक मनीष राय ने मंच का संचालन किया।





















