छपरा गांव में घर से सांप निकालने के दौरान हादसा, सीएचसी सकलडीहा में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय बलुआ गांव निवासी 37 वर्षीय राकेश कुमार की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। वह छपरा गांव में एक घर से सांप निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान सांप ने उन्हें दो बार डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सकलडीहा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार लंबे समय से सांप पकड़ने और घरों से जहरीले सांप निकालने का काम करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में कहीं भी सांप निकलने की सूचना मिलने पर वह लोगों की मदद के लिए पहुंच जाते थे। इसी क्रम में छपरा गांव के एक घर में सांप निकलने की सूचना पर वह उसे पकड़ने पहुंचे थे। सांप को निकालने के दौरान उसने राकेश को दो बार डस लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी।
होम्योपैथिक दवा देने के बाद भी नहीं बची जान
सांप के डसने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राकेश को बचाने का प्रयास किया। बताया जाता है कि शुरुआत में उन्हें होम्योपैथिक दवा दी गई, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी सकलडीहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। दूसरों को जहरीले सांपों से बचाने के लिए तत्पर रहने वाले राकेश की असामयिक मौत से ग्रामीण भी गमगीन हैं। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर सकलडीहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।





















