अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी म्यूल खातों के जरिए देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह टेलीग्राम के माध्यम से संचालित एक कथित कंपनी “Crown Pay” से जुड़ा हुआ था। आरोपी लोगों को लालच देकर उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाते थे और इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को इकट्ठा करने में करते थे। बाद में इस रकम को क्रिप्टोकरेंसी के जरिए ट्रांसफर कर दिया जाता था, जिससे ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिराज, रोहन कुमार और सचिन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में इनके मोबाइल फोन से देशभर में दर्ज 75 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतों का खुलासा हुआ है, जिनमें लगभग 67 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके पास 700 से ज्यादा म्यूल खाते थे, जिनका इस्तेमाल अवैध लेनदेन के लिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 19 सिम कार्ड, 12 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक इराज राजा के निर्देश पर साइबर क्राइम टीम ने सर्विलांस और साक्ष्य के आधार पर यह कार्रवाई की। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे जल्द सामने आ सकते हैं।




