वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
बारिश के चलते आवास परिसर में पहुंचा था इंडियन रैट स्नेक, वन विभाग ने लोगों से घबराने की बजाय सूचना देने की अपील की
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
एटा/अलीगंज। अलीगंज स्थित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आवास परिसर में शनिवार को करीब सात फीट लंबा इंडियन रैट स्नेक (धामन) निकल आने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सांप दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अलीगंज वन विभाग में तैनात कर्मचारी धर्मेंद्र प्रजापति मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब सात फीट लंबे धामन को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद सांप को अलीगंज के वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इंडियन रैट स्नेक (धामन) एक गैर विषैला (Non-venomous) सांप है। यह मुख्य रूप से चूहों, छिपकलियों और अन्य छोटे जीवों का शिकार करता है, जिससे खेतों और घरों में चूहों की संख्या नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
वन विभाग के अनुसार बारिश के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण धामन जैसे सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में घबराने या सांप को नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग को सूचना देना सबसे सुरक्षित और उचित उपाय है।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।







