जबलपुर से कोलकाता ले जा रहे थे नकदी, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके; आयकर विभाग करेगा मामले की जांच
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने मुंबई-हावड़ा मेल एक्सप्रेस से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। नकदी के साथ यात्रा कर रहे दो युवकों को हिरासत में लेकर आयकर विभाग, वाराणसी के हवाले कर दिया गया है। अब मामले की विस्तृत जांच आयकर विभाग करेगा।
जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और सर्कुलेटिंग एरिया में अपराध की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार रात वह आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अनीता कुमारी और सीआईबी प्रभारी निरीक्षक अर्जुन कुमार यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे।
रात करीब 10 बजे आरपीएफ के यार्ड निरीक्षक पंकज कुमार से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी ट्रेन संख्या 12322 मुंबई-हावड़ा मेल एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 और 43 पर बैठे दो यात्री एक पिट्ठू बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर यात्रा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने ट्रेन में पहुंचकर दोनों यात्रियों को रोका और बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों यात्री बरामद धनराशि के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए। दोनों की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी राहुल सोनी और पुष्प कुमार के रूप में हुई।
इसके बाद जीआरपी ने आयकर विभाग, वाराणसी को सूचना दी। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने दोनों युवकों, बरामद 28 लाख रुपये नकद और पिट्ठू बैग को विधिक कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब आयकर विभाग धनराशि के स्रोत, स्वामित्व और उसके परिवहन के उद्देश्य की विस्तृत जांच करेगा। यदि नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो आयकर अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।







