अभिषेक कुमार सिंह
जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन और जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण होगी प्राथमिकता
गाजीपुर। नवागत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से एक-एक कर परिचय प्राप्त किया और शासन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का जिम्मेदारीपूर्ण रवैया और सहयोग अपेक्षित है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति में यदि कोई समस्या आती है तो उसे तुरंत जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया कि गौशालाओं में हरे चारे, पानी तथा लू से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मृत पशुओं के समय से निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. आनंद सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, परियोजना निदेशक सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




