लखनऊ। सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक संरक्षण और धार्मिक आयोजनों के क्षेत्र में सक्रिय अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय लगातार जनसेवा और समाज जागरण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में वे गंगा समग्र अवध प्रांत के सह संयोजक के रूप में कार्यरत हैं तथा माँ गोमती को अविरल और निर्मल बनाने के उद्देश्य से गोमती दर्शन अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। यह अभियान पीलीभीत के माधोटांडा से लखनऊ तक गोमती नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।
अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में आयोजित नव संवत्सर महोत्सव, कुड़िया घाट के संयोजक भी हैं। उनके नेतृत्व में यह महोत्सव पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा है और समाज में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश दे रहा है।
इसके साथ ही वे आचार्य द्रोण विचार संस्थान के संयोजक के रूप में पिछले 20 वर्षों से भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन करवा रहे हैं, जिसमें एक सप्ताह तक विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
धार्मिक आयोजनों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वे श्री कल्याणगिरी मंदिर, ठाकुरगंज से निकलने वाली लखनऊ की प्रसिद्ध और विशाल शिव बारात के संयोजक हैं, जिसमें प्रतिवर्ष तीन लाख से अधिक श्रद्धालु भाग लेते हैं। इसके अलावा ठाकुरगंज की लगभग 80 वर्षों पुरानी श्री जगन्नाथ जी रथ यात्रा के वर्तमान संयोजक के रूप में भी वे इसकी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में भी अनुराग पाण्डेय कई विद्यालयों के संरक्षक के रूप में योगदान दे रहे हैं। राजनीतिक जीवन में भी वे सक्रिय रहे हैं और पूर्व में दो बार पार्षद के रूप में जनप्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण और धार्मिक परंपराओं के संवर्धन में उनके योगदान को व्यापक सराहना मिल रही है।




