बलरामपुर अमृत उजाला । बेसिक शिक्षा विभाग में ईसीसी एजुकेटर पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर रुपये मांगने के मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 23 मई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त शिकायत में कामता प्रसाद निवासी पहलवारा ने आरोप लगाया था कि ईसीसी एजुकेटर पदों पर चयन प्रक्रिया के दौरान नियुक्ति पत्र दिलाने के नाम पर फोन कर धन की मांग की जा रही है। मामले में कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को आरोपी जितेन्द्र यादव निवासी पचपेड़वा तथा आयुष सिंह निवासी लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लखनऊ स्थित एक संस्था के माध्यम से अभ्यर्थियों के सत्यापन कार्य में लगे थे। सत्यापन की आड़ में चयनित अभ्यर्थियों को फोन कर चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर रुपये मांगे जाते थे। पुलिस के मुताबिक अमित गुप्ता और जान्ह्वी नामक अभ्यर्थियों से 20-20 हजार रुपये ऑनलाइन लिए गए थे।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक श्रवण चन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक राहुल कुमार भारती और कांस्टेबल राज चौधरी शामिल रहे।
फोटो – ठगी के आरोपियों के साथ एसपी व पुलिस टीम
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का खुलासा, दो गिरफ्तार





