निजाम जिलानी
उर्दू शायरी की दुनिया से 28 मई को एक ऐसी आवाज़ खामोश हो गई, जिसने लम्बे वक्त तक मोहब्बत, इंसानियत, रिश्तों और जिंदगी के बदलते रंगों को अपने अल्फाज़ में समेटकर करोड़ों दिलों तक पहुंचाया।
बशीर बद्र का इस दुनिया से रुखसत होना केवल एक मशहूर शायर का निधन नहीं, बल्कि भारतीय गंगा-जमुनी तहज़ीब, उर्दू अदब और मानवीय संवेदनाओं के एक पूरे दौर का अंत है।
बशीर बद्र उन शायरों में थे, जिनकी ग़ज़लें किताबों तक सीमित नहीं रहीं। उनके अशआर लोगों की जिंदगी, महफिलों, मुशायरों और आम बातचीत का हिस्सा बन गए। शायद ही कोई ऐसा शेरों शायरी से मोहब्बत करने वाला होगा जिसने उनके अल्फाज़ को कभी महसूस न किया हो। उनकी शायरी की सबसे बड़ी खूबी यह थी कि उसमें बनावट नहीं थी। वे जिंदगी को उसी सादगी और सच्चाई के साथ बयां करते थे, जैसी जिंदगी वास्तव में होती है। यही वजह रही कि उनकी ग़ज़लें पढ़ने वाला हर व्यक्ति खुद को उनसे जुड़ा हुआ महसूस करता था।
आज जब उनके इंतकाल की खबर सामने आई, तो अदबी दुनिया के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी गहरा दुख महसूस किया गया। यह इस बात का प्रमाण है कि बशीर बद्र केवल साहित्यिक मंचों के शायर नहीं थे, बल्कि लोगों के दिलों में बसने वाले शायर थे। उन्होंने उर्दू शायरी को कठिन शब्दों और सीमित दायरों से बाहर निकालकर आम आदमी फ़हम तक पहुंचाया। उनकी भाषा इतनी सहज और असरदार थी कि हिंदी भाषी समाज ने भी उन्हें उतनी ही मोहब्बत दी जितनी उर्दू जानने वालों ने। बशीर बद्र की शायरी में मोहब्बत जरूर थी, लेकिन वह केवल इश्क की सीमाओं तक कैद नहीं थी। उसमें इंसानियत, अपनापन, रिश्तों की गर्माहट और समाज की बदलती तस्वीर भी शामिल थी। उनका मशहूर शेर
“कोई हाथ भी न मिलाएगा जो गले मिलोगे तपाक से,
ये नए मिज़ाज का शहर है, ज़रा फ़ासले से मिला करो।”
आज के समाज का ऐसा आईना है जिसमें आधुनिक जीवन की दूरियां और औपचारिकताएं साफ दिखाई देती हैं। यह केवल एक शेर नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक व्यवहार की गहरी व्याख्या है।
उनकी शायरी की खासियत यह थी कि वह सीधे दिल में उतरती थी। उन्होंने कभी कठिन शब्दों और भारी-भरकम अल्फाज़ो का सहारा नहीं लिया। वे जानते थे कि साहित्य की असली ताकत उसकी संवेदनशीलता और सादगी में होती है। शायद यही कारण है कि उनकी ग़ज़लें गांव से लेकर शहर तक, छात्र से लेकर बुजुर्ग तक, हर वर्ग के लोगों के बीच मकबूल रहीं।
बशीर बद्र ने अपने अशआर के जरिए केवल प्रेम की बातें नहीं कीं, बल्कि टूटते रिश्तों और बढ़ती संवेदनहीनता पर भी चिंता जताई। आधुनिक दौर में जब इंसान तकनीक और व्यस्तता के बीच भावनात्मक रूप से अकेला होता जा रहा है, तब उनकी शायरी इंसान को रिश्तों की अहमियत याद दिलाती है। उनका एक मशहूर शेर
“कुछ तो मजबूरियां रही होंगी,
यूँ ही कोई बेवफ़ा नहीं होता।”
केवल प्रेम का बयान नहीं, इंसानी रिश्तों को समझने की एक गहरी और परिपक्व दृष्टि है। यह शेर सिखाता है कि हर बिछड़ाव के पीछे केवल शिकायतें नहीं होतीं, कभी कभी हालात और मजबूरियां भी होती हैं।
आज के दौर में जब समाज धर्म, जाति और राजनीति के आधार पर लगातार बंटता दिखाई देता है, तब बशीर बद्र जैसे शायरों की अहमियत और बढ़ जाती है। उनकी शायरी हमेशा जोड़ने की बात करती रही। उन्होंने मोहब्बत को इंसानियत का सबसे बड़ा धर्म माना। उनकी ग़ज़लों में किसी एक वर्ग या समुदाय की नहीं, पूरे समाज की पीड़ा और संवेदना दिखाई देती है। यही वजह है कि वे केवल उर्दू अदब के शायर नहीं, बल्कि साझा भारतीय संस्कृति के प्रतिनिधि बन गए।
उनका जाना इसलिए भी बड़ी क्षति है क्योंकि आज साहित्य में वह संवेदनशीलता और गहराई कम होती जा रही है, जो बशीर बद्र की पहचान थी। उन्होंने सिखाया कि शायरी केवल तालियां बटोरने का माध्यम नहीं, समाज को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी भी है।
बशीर बद्र की ग़ज़लों में एक खास तरह की उदासी भी दिखाई देती है, लेकिन वह निराशा की उदासी नहीं थी। उसमें जिंदगी की सच्चाइयों को स्वीकार करने की समझ थी। वे दर्द को भी खूबसूरती से बयान करते थे। यही कारण है कि उनकी शायरी पढ़ने वाला व्यक्ति अपने दुखों में भी एक सुकून महसूस करता है। उनकी ग़ज़लें यह एहसास कराती हैं कि दर्द जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन इंसानियत और उम्मीद कभी खत्म नहीं होनी चाहिए।
यह भी सच है कि नई पीढ़ी तेजी से साहित्य से दूर होती जा रही है। मोबाइल और सोशल मीडिया के इस दौर में किताबों की दुनिया सिमटती नजर आती है। लेकिन बशीर बद्र उन गिने-चुने शायरों में रहे जिनके अशआर सोशल मीडिया के दौर में भी सबसे ज्यादा साझा किए जाते रहे। उनकी लोकप्रियता ने यह साबित किया कि अगर साहित्य दिल से लिखा जाए, तो वह हर दौर में अपनी जगह बना लेता है।
आज जब बशीर बद्र हमारे बीच नहीं हैं, तब उनकी शायरी और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है। उनका जाना एक ऐसे समय में हुआ है जब समाज को सबसे ज्यादा मोहब्बत, संवेदना और संवाद की जरूरत है। ऐसे दौर में उनके अल्फाज़ आने वाली पीढ़ियों के लिए रोशनी का काम करेंगे। वे हमें याद दिलाते रहेंगे कि इंसानियत, विनम्रता और रिश्तों की अहमियत कभी खत्म नहीं होती।
साहित्यकार और शायर शारीरिक रूप से भले दुनिया से चले जाएं, लेकिन उनके शब्द हमेशा जिंदा रहते हैं। बशीर बद्र भी अपने अशआर के जरिए आने वाले समय में लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे। जब भी कोई मोहब्बत, तन्हाई, रिश्तों या जिंदगी की उलझनों को महसूस करेगा, तब कहीं न कहीं उसे बशीर बद्र के अल्फाज़ जरूर याद आएंगे।
उर्दू अदब का यह सितारा भले अब इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन उसकी रौशनी लंबे समय तक साहित्य और समाज को रोशन करती रहेगी। मगर यह भी सच है कि ऐसे शायर कभी पूरी तरह विदा नहीं होते। वे अपने अल्फाज़ में हमेशा जिंदा रहते हैं।




