बलरामपुर। मारपीट की घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत होने के बाद क्षेत्र में जनाक्रोश फैल गया। रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों ने शव के साथ बलरामपुर-बस्ती स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रखा। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट लगाने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।
बताया जाता है कि 27 मई को गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र अहरौला गांव में हुए विवाद के दौरान धनराज मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया था, जहां 30 मई को उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना पर सीओ राघवेंद्र सिंह, एसडीएम अभय सिंह, प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह और राजीव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में विधायक राम प्रताप वर्मा ने परिजनों को दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। अधिकारियों और विधायक के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
फोटो कैप्शन : हाईवे जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण तथा मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी।
युवक की मौत के बाद भड़का जनाक्रोश, कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर हाईवे जाम





