बलरामपुर अमृत उजाला । शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में गुरुवार देर शाम नीलबाग पैलेस में आयोजित समारोह के दौरान एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर के वनस्पति विज्ञान विभाग के अवकाश प्राप्त एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जीतेन्द्र सिंह चौहान द्वारा लिखित पुस्तक ‘टेक्स्टबुक ऑफ प्लांट फिजियोलॉजी’ का भव्य लोकार्पण बलरामपुर राज के महाराजा जयेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. चौहान को शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए महाराजा जयेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और इस प्रकार की पुस्तकें विद्यार्थियों को ज्ञान के नए आयाम प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक स्नातक, परास्नातक एवं शोधार्थी विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। साथ ही उन्होंने डॉ. जीतेन्द्र सिंह चौहान के लंबे शैक्षणिक अनुभव, शिक्षण शैली और अकादमिक योगदान की सराहना की।
पुस्तक के लेखक डॉ. जीतेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पुस्तक में प्लांट फिजियोलॉजी विषय के जटिल सिद्धांतों को सरल भाषा और व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन में आसानी हो सके।
वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने डॉ. चौहान को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनकी यह पुस्तक विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। कार्यक्रम में माधुरी सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
फोटो : पुस्तक का लोकार्पण करते महाराजा जयेन्द्र प्रताप सिंह।
नीलबाग पैलेस में हुआ ज्ञान का सम्मान, महाराजा जयेन्द्र प्रताप सिंह ने किया ‘टेक्स्टबुक ऑफ प्लांट फिजियोलॉजी’ का लोकार्पण





