35 जिलों के प्रबंधकों की मौजूदगी में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालयों की समस्याओं पर हुई चर्चा, विधायक को सौंपा सात सूत्रीय मांगपत्र
एसपी सिंह ब्यूरो चीफ , अमेठी। उत्तर प्रदेश वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक फाउंडेशन (पंजीकृत) का 15वां स्थापना दिवस समारोह जनपद अमेठी में भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के 35 जिलों से आए जिला अध्यक्षों सहित सैकड़ों विद्यालय प्रबंधकों ने भाग लिया।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थापना दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के प्रति जनजागरण करना तथा यह संदेश देना है कि प्रदेश के वित्तविहीन विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय सिंह ने किया। इस अवसर पर संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने प्रदेश के शेष जिलों को भी शीघ्र संगठन से जोड़ने की बात कही। उन्होंने शिक्षा के विकास, गुणवत्ता सुधार और निजी विद्यालयों की भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
समारोह के समापन अवसर पर गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ विधायक को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में यू-डायस पोर्टल पर प्री-प्राइमरी और कक्षा एक के विद्यार्थियों के विवरण में त्रुटि संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराना, कक्षा आठ तक ऑनलाइन संशोधन का विकल्प देना, मान्यता प्राप्त करने की वर्तमान शर्तों को सरल बनाना, यू-डायस प्राप्त विद्यालयों को स्थायी प्रमाणपत्र जारी करना, मान्यता के लिए भूमि संबंधी मानकों में कमी करना, काउंटर साइन की प्रक्रिया को ऑनलाइन करना अथवा समाप्त करना तथा वित्तविहीन विद्यालयों में त्रिभाषी वेतन व्यवस्था बहाल करना शामिल है।
विधायक राकेश प्रताप सिंह ने प्रबंधकों को आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर संगठन के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराई जाएगी, ताकि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जा सके।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेश राव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, प्रदेश संरक्षक पुनीत मिश्रा, प्रदेश संयोजक सत्यप्रकाश गुप्ता, महिला संरक्षक रश्मि सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, ओमप्रकाश सिंह, मुख्य संरक्षक मंशाराम मौर्य, जिला सलाहकार जयसिंह यादव, जिला कोषाध्यक्ष जयधीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय यादव, महिला प्रवक्ता सरिता सिंह, रेखा द्विवेदी, ममता मिश्रा, किरन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शाहगढ़ अमित तिवारी, सुरेश कुमार यादव, तहसील अध्यक्ष अमेठी डॉ. अनिल मिश्रा, आकाशदीप मिश्रा, ओपी यादव, विनोद कुमार सिंह, सत्येंद्र श्रीवास्तव, देव कुमार शुक्ला, बम बहादुर सिंह सहित संगठन के सैकड़ों प्रबंधक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं प्रबंधकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।








