670 बोरी बरामद; नौ लोग हिरासत में
प्रवेंद्र शर्मा
जलेसर (एटा), 26 जून 2026। किसानों के लिए अनुदानित दरों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सरकारी यूरिया की कथित कालाबाजारी के विरुद्ध जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 670 बोरी यूरिया बरामद की है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन में एसडीएम जलेसर पीयूष रावत एवं तहसीलदार संदीप सिंह ने पुलिस बल के साथ संयुक्त छापेमारी कर इस मामले का खुलासा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून की रात्रि लगभग 11:50 बजे सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम ने जलेसर क्षेत्र के सकरा मोड़ के निकट स्थित एक बंद पड़ी सोडा फैक्ट्री पर छापा मारा। मौके पर एक ट्रक से सरकारी यूरिया उतारकर दूसरे कंटेनर में तकनीकी ग्रेड यूरिया की बोरियों में भरकर लोड किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि ट्रक संख्या UP 80 CT 0308 से यूरिया को कंटेनर संख्या RJ 09 GE 7833 में स्थानांतरित किया जा रहा था। प्रशासन को आशंका है कि इस खेप को राजस्थान के भरतपुर जनपद भेजने की तैयारी थी।
छापेमारी के दौरान लगभग 670 बोरी सरकारी यूरिया के अलावा एक ट्रक, एक कंटेनर, सिलाई मशीन, प्लास्टिक ड्रम, धागे के बंडल तथा खाली बोरियां बरामद की गईं। जांच में ट्रक संख्या UP 80 CT 0308 से 59 बोरी अनुदानित यूरिया एवं 591 खाली बोरियां मिलीं, जबकि कंटेनर संख्या RJ 09 GE 7833 में लगभग 480 बोरी यूरिया तकनीकी ग्रेड की बोरियों में भरी पाई गई।
मौके से ट्रक चालक सहित कुल नौ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जिला कृषि विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985, उर्वरक (परिसंचालन) आदेश-1973 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








