नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक को बताया युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
एटा। शहर कांग्रेस कमेटी एटा के नेतृत्व में पूर्व सांसद श्रीमती सत्या बहन के कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष ठाकुर अनिल सोलंकी तथा शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनीत पाराशर वाल्मीकि ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाली परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को अनिश्चितता के संकट में डाल दिया है।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुनील गौतम एडवोकेट ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015, 2018, 2021, 2022, 2024 और 2026 में आयोजित नीट परीक्षाएं कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोपों से घिरी रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा, जिसमें 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, उसमें भी बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आए, जिसके बाद विरोध के चलते पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों से छात्रों पर गहरा मानसिक दबाव पड़ रहा है। उनका आरोप था कि विभिन्न राज्यों में कई छात्रों ने इस तनाव के कारण अपनी जान तक गंवाई है, जिसे कांग्रेस नीतिगत विफलता मानती है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि देश में पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा प्रत्येक छात्र को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से देशव्यापी जनजागरण करेगी।
इस अवसर पर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुनील गौतम एडवोकेट, अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह दीपू एडवोकेट, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष सोहन लाल वर्मा, सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष नैना शर्मा एडवोकेट, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष राजेश कुमारी, विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष गौतम एडवोकेट, सेवा दल के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आकाश तिवारी, पूर्व सभासद सुभाष सागर एडवोकेट, पिछड़ा वर्ग विभाग कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, प्रदेश सचिव राजपाल वर्मा तथा प्रदेश सचिव विधि प्रकोष्ठ श्रीमती ज्योति सोलंकी एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








