नर्सिंग होम में नहीं मिले अग्निशमन उपकरण
स्वास्थ्य विभाग की जांच में खुलासा, तीन दिन के भीतर मांगा स्पष्टीकरण
अमेठी। जिले में निजी चिकित्सालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने गौरीगंज स्थित एक नर्सिंग होम में गंभीर अनियमितताएं पाई हैं। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की कमी और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध न होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने नर्सिंग होम संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और जिले के सभी निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होमों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच कराई जा रही है। इसी क्रम में सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गौरीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-22 स्थित श्रद्धा नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम ने पाया कि 10 बेड के लिए पंजीकृत नर्सिंग होम में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे। अस्पताल परिसर में केवल एक अग्निशमन यंत्र मिला, जो निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त, नर्सिंग होम संचालक अग्निशमन विभाग द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
लापरवाही सामने आने पर सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने नर्सिंग होम को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने अथवा सुरक्षा मानकों का अनुपालन न किए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिले के सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।








