गंगा स्नान के लिए रिश्तेदारों को ले जाने की थी तैयारी, महिला सहित दो गंभीर
एटा/जलेसर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिसौली में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में कंटेनर के हाईटेंशन (एचटी) विद्युत लाइन की चपेट में आने से कंटेनर मालिक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मिसौली निवासी लगभग 45 वर्षीय क्षेत्रपाल उर्फ बंटी गौतम पुत्र शिवशंकर ने दो दिन पूर्व एक कंटेनर खरीदा था। शुक्रवार शाम वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों को गंगा स्नान के लिए ले जाने की तैयारी कर रहा था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार भी उसके घर पहुंचे हुए थे।
बताया जाता है कि शाम करीब पांच बजे क्षेत्रपाल उर्फ बंटी कंटेनर को गांव से बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान कंटेनर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वाहन में करंट दौड़ गया। हादसे में क्षेत्रपाल उर्फ बंटी, लगभग 35 वर्षीय रमन उर्फ छोटू पुत्र घनश्याम, विमलेश गौतम तथा एक अन्य व्यक्ति करंट की चपेट में आ गए।
परिजनों ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने क्षेत्रपाल उर्फ बंटी और रमन उर्फ छोटू को मृत घोषित कर दिया। वहीं विमलेश गौतम और एक अन्य घायल की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक कोतवाली पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी कर रही थी।








