बाराबंकी। जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 11 बजे तेज हवा और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई।
बताया गया कि रामसनेहीघाट पावर हाउस की इनकमिंग नंबर-2 में फाल्ट आने से टाउन के जेठबनी और दलसिंहपुर फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, बीर गांव के पास मूसेपुर मार्ग पर बिजली का तार टूट जाने से दुलाहदेपुर पावर हाउस से जुड़े हथौधा, कोटवासड़क और सनौली फीडरों की आपूर्ति भी ठप हो गई।
इस कारण लगभग 300 गांवों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई और करीब ढाई लाख की आबादी को उमस व गर्मी के बीच रातभर परेशानी झेलनी पड़ी। प्रभावित गांवों में लालपुरवा, गौरवा, उमारापुर, खेवराजपुर, पिपरिहा, बीर, खेवली, कोटवासड़क, रेहरिया और असेना सहित आसपास के कई गांव शामिल हैं।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को रातभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक करने का कार्य शुरू किया और शनिवार दोपहर तक अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
एसडीओ सर्वेश कुमार ने बताया कि तेज हवा के कारण कई स्थानों पर बिजली के तार टूट गए थे, जिसके चलते आपूर्ति प्रभावित हुई थी। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शनिवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।







