न्यायालय भेजे गए
संतकबीरनगर। जिले की महुली थाना पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी शनिवार को सिकटहा पुलिया के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को महुली थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अशोक चौहान, शिवकुमार उर्फ नकुल चौहान, राजन कुमार तथा अन्य लोगों ने एकराय होकर उन पर और उनके साथी पुलिसकर्मी पर हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में महुली थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिकटहा पुलिया के पास से वांछित आरोपी अशोक चौहान और शिवकुमार उर्फ नकुल चौहान निवासी सिक्टहां तथा राजन कुमार निवासी मरवटिया, थाना महुली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गौतम यादव, हेड कांस्टेबल नुरुद्दीन खान, कांस्टेबल चन्द्रेश यादव और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।








