डीएम ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक
अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने प्राथमिक पाठशाला पसियापारा, अकबरपुर में बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक जीवनरक्षक खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अभियान में सहयोग करने और किसी भी बच्चे को पोलियो की दवा से वंचित न रहने देने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि जनपद में 1,765 पोलियो बूथों के माध्यम से 3,03,010 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि बूथ दिवस पर छूट जाने वाले बच्चों को 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक विकास खंड स्तर पर मॉनिटरिंग टीमें तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।








