चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी और छिनैती के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, बबुरी थाना क्षेत्र के भाष्करपुर निवासी रतन सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि 24 मार्च 2026 को वह डीआरडीओ की परीक्षा देकर कानपुर से मुगलसराय स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से बाहर निकलकर जीटी रोड पर पैदल जाते समय राज होटल के पास बाइक सवार एक युवक ने उनका रियलमी 9आई मोबाइल फोन छीन लिया और नगर पालिका वाली गली की ओर फरार हो गया।
पीड़ित ने बाद में बैंक जाकर जानकारी की तो पता चला कि उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से 6,202 रुपये भी निकाल लिए गए थे। शिकायत के आधार पर मुगलसराय थाने में मुकदमा संख्या 312/2026 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे कॉलोनी क्षेत्र के कुढ़ेखुर्द मोड़ के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान लकी जायसवाल (19) पुत्र स्व. दिनेश जायसवाल, निवासी गल्ला मंडी सुपर मार्केट, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया, जिसका आईएमईआई नंबर मुकदमे में छीने गए मोबाइल से मेल खाता पाया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में किया खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 24 मार्च को राज होटल के सामने से मोबाइल छीना था। मोबाइल में उपलब्ध यूपीआई सुविधा का उपयोग कर उसने पीड़ित के खाते से रुपये अपने परिजनों के खाते में स्थानांतरित कर निकाल लिए थे। बाद में पुलिस चेकिंग के दौरान वह गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी
- एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन।
गिरफ्तार आरोपी
- लकी जायसवाल (19 वर्ष), पुत्र स्व. दिनेश जायसवाल, निवासी गल्ला मंडी सुपर मार्केट, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में चोरी, छिनैती एवं अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वर्तमान मामला भी उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमों में शामिल किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
- थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह
- उपनिरीक्षक विजय राज
- कांस्टेबल बंटी सिंह
- आरक्षी अजीत कुमार








