मुख्य आरोपी के भाई निकले दोनों अभियुक्त
गाजीपुर। चर्चित बिंदू होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों सुमित पाण्डेय और सत्यप्रकाश पाण्डेय उर्फ मुनि को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी शंकर पाण्डेय के भाई बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 365/2026 के तहत विनीत राय हत्याकांड की विवेचना के दौरान सुमित पाण्डेय (23) एवं सत्यप्रकाश पाण्डेय उर्फ मुनि (20) पुत्रगण रविशंकर पाण्डेय उर्फ रवि शेखर पाण्डेय निवासी गौसाबाद, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर की संलिप्तता सामने आई थी।
सोमवार को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एक लाख रुपये का इनामी मुख्य आरोपी शंकर पाण्डेय अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, चौकी प्रभारी खुदाईपुरा उपनिरीक्षक विजय कुमार सहित कोतवाली पुलिस के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








