नामजद मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। सहजनवा थाना क्षेत्र में एक युवती को खाना खिलाने के बहाने होटल ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विजय प्रताप शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता एक ही गांव के निवासी हैं। आरोप है कि आरोपी ने युवती को खाना खिलाने के बहाने सहजनवा बुलाया और उसे गीडा सेक्टर-22 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के एक होटल में ले गया। वहां उसने कथित तौर पर युवती के साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत के मुताबिक, युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपी उसे होटल में ही छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पीड़िता के पिता ने सहजनवा थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहजनवा थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















