एटा/फिरोजाबाद। तेज आंधी के दौरान एक विशाल नीम का पेड़ ई-रिक्शा पर गिरने से छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर दूर फिरोजाबाद जनपद के चिडरई गांव के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आंधी के चलते नीम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गुजर रहे ई-रिक्शा पर गिर पड़ा। पेड़ का आकार बड़ा होने के कारण ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पेड़ हटाकर ई-रिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। देर शाम तक प्रशासन की ओर से मृतकों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई थी।








