पुलिस ने वापस कराए 1.50 लाख रुपये
सुल्तानपुर। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को साइबर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने जालसाजों के बैंक खाते फ्रीज कराकर पीड़ित के 1.50 लाख रुपये वापस दिला दिए।
पुलिस के अनुसार, लंभुआ थाना क्षेत्र के खरमझुई गांव निवासी प्रमोद कुमार यादव के साथ 11 और 12 जून को ओटीपी के माध्यम से तीन किश्तों में कुल 1.50 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में साइबर थाना टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जालसाजों के बैंक खातों को फ्रीज कराया और संबंधित बैंक से आवश्यक पत्राचार किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद बैंक ने पूरी 1.50 लाख रुपये की राशि पीड़ित के खाते में वापस कर दी। पीड़ित ने समय पर कार्रवाई के लिए साइबर थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।








