गौरीगंज (अमेठी)। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रणवीर नगर मजरे जंगल रामनगर गांव में 18 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवती मंगलवार रात करीब 11 बजे से लापता थी। परिजनों ने एक युवक पर धमकाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान काजल पुत्री राम सुमिरन के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उसका शव घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव कब्जे में ले लिया।
परिजनों के मुताबिक काजल मंगलवार रात घर से निकली थी और काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। बुधवार को उसका शव बरामद हुआ। मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि काजल की एक युवक से बातचीत होती थी और वह युवक उसे लगातार धमकाता था। परिवार ने उक्त युवक की भूमिका की जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।








