चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के कुडवासा मजरे रामपुर रायसाहब गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मिथलेश वर्मा निवासी ग्राम कुडवासा मजरा रामपुर रायसाहब ने पुलिस को बताया कि 30 जून की सुबह करीब आठ बजे वह गांव में नंदलाल की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव के रजनीश कुमार, सुनीत कुमार, अंजनी और अमृत लाल वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद चारों ने लाठी-डंडों और हॉकी से मिथलेश पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह दुकान के अंदर चला गया, लेकिन आरोपी दुकान में घुस गए और उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








