जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
चंदौली। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया। इसके बाद जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागों से शासन की गाइडलाइन के अनुसार समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में सभी विभागों के सहयोग तथा जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जनपद चंदौली ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान बनाए रखा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में यह अभियान तीन मंडलों से शुरू हुआ था, जिसे अक्टूबर 2018 से पूरे प्रदेश में लागू किया गया। यह अभियान प्रत्येक वर्ष अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर माह में चलाया जाता है।
उन्होंने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य, पंचायती राज, नगर विकास, पशुपालन, बाल विकास, कृषि, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, सिंचाई और सूचना विभाग सहित विभिन्न विभाग आपसी समन्वय से संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए कार्य करते हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ‘बबलू’ ने कहा कि जनपद में सभी विभाग मिलकर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ओआरएस के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं, जलभराव एवं गंदे स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीमार लोगों का समुचित उपचार किया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्षों के आंकड़ों के आधार पर मलेरिया, डेंगू, डायरिया सहित अन्य संचारी रोगों से प्रभावित उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की सूची तैयार कर संबंधित विभागों को विशेष निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के लिए उपलब्ध करा दी गई है।
कार्यक्रम के समापन पर संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रैली निकाली गई, जिसे भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ‘बबलू’ तथा मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन जय प्रकाश सिंह ने किया।








