12 केंद्रों पर होगी परीक्षा
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर 2 से 4 जुलाई तक कुल 5 पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें 5,160 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को एक पाली में संपन्न होगी।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12:15 बजे से 1:45 बजे तक होगा। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षित हैंडलिंग, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन की गाइडलाइन का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








