कार को रौंदा; 5 की मौत, 11 घायल:
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस में क्षमता से 35 अधिक यात्री; चालक के नशे में होने का आरोप, जांच शुरू
उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। देवखरी गांव के पास हरियाणा से बिहार जा रही एक स्लीपर बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार मां-बेटी, नाना-नातिन समेत पांच लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, कार में नौ लोग सवार थे, जिनमें संतकबीर नगर और गोरखपुर के परिवार शामिल थे। हादसे में विनोद कुमार (45), अंजू (40), उनकी सात वर्षीय बेटी अमृता, धुनमुन (61) और 14 वर्षीय दिव्या की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बच्ची का सिर धड़ से अलग हो गया।
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और यूपीडा की टीम ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बस चालक के नशे में होने का आरोप लगाते हुए यात्रियों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
एआरटीओ श्वेता वर्मा के अनुसार, बस की क्षमता 55 यात्रियों की थी, लेकिन उसमें लगभग 90 यात्री सवार थे। बस हरियाणा के पटौदी से बिहार जा रही थी। पुलिस और परिवहन विभाग बस चालक, ट्रैवल कंपनी तथा हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी प्रभात अवस्थी ने बताया कि यात्रियों के अनुसार बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। कार की गति का पता लगाने के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वहीं, जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि चालक के नशे में होने के आरोपों की भी जांच कराई जा रही है। हादसे के दौरान सीएचसी प्रभारी के अनुपस्थित मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य विभाग से जवाब तलब किया है।








