अज्ञात वाहन से टकराकर पलटी कार, लाइसेंसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद; चालक जिला अस्पताल रेफर
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में जीआरपी इंदौर में तैनात एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जबकि उनकी कार से एक लाइसेंसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद कर सुरक्षित थाने में जमा करा दिए।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:55 बजे पीआरवी-5837 को सूचना मिली कि नोएडा से आगरा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 74.200 के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जगदंबा सिंह और बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच में सामने आया कि कार संख्या DL-3CBA-3407 आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में कार चालक सतेन्द्र, पुत्र स्वर्गीय वीरेन्द्र सिंह, निवासी सारंगपुर, जनपद बुलंदशहर, गंभीर रूप से घायल हो गए। वह वर्तमान में जीआरपी इंदौर में तैनात हैं।
पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को एक लाइसेंसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस मिले, जिन्हें नियमानुसार थाना नौहझील में सुरक्षित जमा करा दिया गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
#MathuraNews, #YamunaExpressway, #RoadAccident, #GRP, #Nohjheel, #Bulandshahr, #UPPolice, #AccidentNews, #UttarPradesh








