गोंडा-बेलसर मार्ग पर हादसा, चार मजदूरों ने ट्रक से कूदकर बचाई जान; पुलिस ने शुरू की जांच
गोंडा। देहात कोतवाली क्षेत्र के गोंडा-बेलसर मार्ग पर गुरुवार सुबह सरिया से लदा एक ट्रक पलटने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों और मृतकों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्रक संख्या UP-51 AT-2731 गोरखपुर के गीडा से सरिया लेकर वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण स्थल की ओर जा रहा था। ट्रक में चालक के अलावा सात मजदूर भी सवार थे।
गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक के नीचे दबने से रविन्द्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (50), निवासी ग्राम चांदपुर, थाना तरबगंज, की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रक में सवार दुबरे, संजय, रामकुमार पासवान और कालू पासवान ने समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
सीओ नगर आनंद राय ने बताया कि सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रक के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रविन्द्र, राजेंद्र और रामगुलाम को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।








