सकलडीहा घटना पर डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार का आक्रोश, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
चंदौली। सकलडीहा तहसील में अधिवक्ता उपेंद्र सिंह के साथ कथित मारपीट और प्राणघातक हमले की घटना को लेकर गुरुवार को डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन की बैठक बार सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि किसी अधिवक्ता पर हमला न्याय व्यवस्था और अधिवक्ता समाज की गरिमा पर सीधा प्रहार है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी लेखपाल की दो दिन के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं हुई तो अधिवक्ता समाज व्यापक आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता पर हमला करने के आरोपी लेखपाल की ओर से जिले का कोई भी अधिवक्ता न्यायालय में पैरवी नहीं करेगा।
बार पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, संतोष सिंह, विद्या चरण सिंह, महामंत्री सुल्तान अहमद, पूर्व महामंत्री जनमेजय सिंह, मुहम्मद अकरम, शमशुद्दीन, राजबहादुर सिंह, उपाध्यक्ष रामशंकर यादव, राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।








