Prayagraj News: , जिलाधिकारी से मिला युवा मंच का प्रतिनिधिमंडल
छात्र हितों को बताया सर्वोपरि, भर्ती विज्ञापन को लेकर शासन स्तर पर प्रयास का आश्वासन; आंदोलन फिलहाल स्थगित
प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और इंटर कॉलेजों में प्रस्तावित 20 हजार से अधिक पदों पर पुरानी नियमावली के तहत भर्ती विज्ञापन जारी कराने की मांग को लेकर युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मनीष वर्मा और उप जिलाधिकारी सत्यम् मिश्र से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने पुरानी नियमावली के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग उठाई। युवा मंच के अनुसार, वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इस विषय पर प्रमुख सचिव (माध्यमिक शिक्षा) और शिक्षा निदेशक से उचित निर्णय के लिए चर्चा करने की बात कही। संगठन का यह भी दावा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी अभ्यर्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता रखे जाने की बात हुई।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि जिलाधिकारी ने 16 सितंबर 2025 को नियमावली में हुए बदलाव को गंभीर विषय बताया और छात्र हितों के अनुरूप समाधान के लिए हर स्तर पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
संगठन के अनुसार, जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी कराने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उनका कहना था कि पर्याप्त अवसर दिए बिना नई नियमावली लागू करना न्यायोचित नहीं माना जा सकता।
युवा मंच का दावा है कि नई नियमावली लागू होने पर लगभग 7 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन के अवसर से वंचित हो सकते हैं। संगठन के अनुसार, पुरानी नियमावली के तहत भर्ती होने पर किसी भी वर्ग के अभ्यर्थियों का अहित नहीं होगा और विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा।
अनिल सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल का आश्वासन मिलने के बाद 11 जून 2026 से नई नियमावली के विरोध में चल रहा आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि सरकार और शासन स्तर पर छात्रों के हित में निर्णय नहीं लिया गया तो युवा मंच पुनः लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेगा।
बैठक में प्रभाकर सिंह परिहार, साधना सिंह, दीपा सिंह, रीता केशरवानी, प्रियंका मिश्रा, विनीता, रिंकी चौहान, आरती सिंह, बृजेश पांडेय, अखिलेश वर्मा, एल.के. चौधरी, कुमार कौशल, अमित पांडेय, भानु प्रताप शुक्ला, के.डी. वर्मा, बृजेश सिंह, संदीप पाल, बृजेश तिवारी, आदित्य पाल, अमृत सरोवर सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और युवा मंच के कार्यकर्ता मौजूद रहे।








