‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण, विधायक महेंद्रपाल सिंह बोले— पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी
गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (एमजीयूजी) में वन प्रभाग गोरखपुर के सहयोग से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर का विकास और जनभागीदारी के माध्यम से वृक्षारोपण को बढ़ावा देना रहा।
मुख्य अतिथि पिपराइच विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का सुंदर संदेश देता है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है। वहीं उप प्रभागीय वनाधिकारी विनीत कुमार सिंह ने वृक्षों को मानव जीवन का आधार बताते हुए जलवायु संतुलन और जैव विविधता के लिए उनकी महत्ता पर प्रकाश डाला। क्षेत्रीय वनाधिकारी दिनेश कुमार चौरसिया ने पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि वन महोत्सव के तहत परिसर में 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें 8 हजार फलदार और 2 हजार औषधीय पौधे शामिल हैं। इसके अलावा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 50 बच्चों को आम के पौधे भी वितरित किए गए।








