गेट नंबर-4बी के पास सुबह हुई घटना, पत्थर से टकराने के बाद छर्रे लगने से तीन लोग जख्मी; सभी की हालत सामान्य।
लखनऊ: वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह एक आकस्मिक फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चल गई, जिससे पत्थर से टकराकर निकले छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद तीन लोगों को लग गईं।
घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब सात बजे हुई। बताया जा रहा है कि पीएसी जवान की कार्बाइन से गलती से फायर हो गया। गोली किसी व्यक्ति को सीधे नहीं लगी, बल्कि पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां लोगों को लगीं, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि कार्बाइन से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं।
#Varanasi, #KashiVishwanath, #PAC, #Firing, #TempleSecurity, #UttarPradesh, #BreakingNews, #VaranasiNews, #PoliceInvestigation, #IndiaNews








