देवेंद्र मोहन भैया जी महाराज ने प्रेम, सेवा और शिक्षा का दिया संदेश, गुरु भक्ति को बताया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति
बाराबंकी। तहसील क्षेत्र स्थित कोटवा सड़क स्वामी दिव्यानंद आश्रम में शनिवार को परम श्रद्धेय स्वामी दिव्यानंद जी महाराज की असीम कृपा एवं उनके आध्यात्मिक उत्तराधिकारी परम पूज्य देवेंद्र मोहन भैया जी महाराज की पावन उपस्थिति में भव्य सत्संग एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। दिव्यानंद योग साधना समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सत्संग को संबोधित करते हुए देवेंद्र मोहन भैया जी महाराज ने कहा कि सत्संग मन को शांति प्रदान करता है और मानव सेवा से जीवन में सच्चे आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने प्रेम, करुणा और सेवा को मानव जीवन का मूल आधार बताते हुए कहा कि जहां प्रेम और करुणा का प्रकाश होता है, वहीं सच्ची मानवता का मार्ग प्रशस्त होता है। सत्संग से विचार पवित्र होते हैं और सेवा से कर्म उज्ज्वल बनते हैं।
उन्होंने कहा कि जानबूझकर किसी को कष्ट पहुंचाना ही वास्तविक पाप है, जबकि अज्ञानवश हुई भूल को उसी दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। गुरु के प्रति पूर्ण समर्पण और अटूट विश्वास को उन्होंने आध्यात्मिक जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, विवाह में जल्दबाजी से बचने तथा बेटियों और बेटों को समान रूप से शिक्षित, योग्य और संस्कारित बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सत्संग, सेवा और गुरु-स्मरण ही सफल एवं सार्थक जीवन का सर्वोत्तम मार्ग हैं।
सत्संग के बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह, शत्रोहन सिंह, अमर सिंह, जय सिंह, दिलीप यादव, बलराम सिंह, अरुण कुमार सिंह, कुसुमलता सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
#Barabanki, #DivyanandAshram, #Satsang, #Bhandara, #DevendraMohanJi, #Spirituality, #SanatanDharma, #UPNews








