चंदौली/ शिकारगंज। स्थानीय क्षेत्र की छुछाड़ ग्राम पंचायत के मटिहानी गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की गड़ई नदी में डूबने से मौत हो गई। साथी बच्चों के साथ जामुन खाने गया मासूम खेलते-खेलते नदी में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद देर शाम उसका शव नदी में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मटिहानी गांव निवासी सुरेश मल्लाह का पांच वर्षीय पुत्र सुप्रीत शनिवार शाम घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह अन्य बच्चों के साथ पासही स्थित गड़ई नदी किनारे जामुन खाने चला गया। खेल के दौरान अचानक वह बच्चों की नजरों से ओझल हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।
घबराए बच्चों ने गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और तलाश शुरू की। देर शाम सुप्रीत का शव नदी में उतराता मिला। ग्रामीणों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर जिला संयुक्त चिकित्सालय, चकिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की मां रेखा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सुप्रीत के माता-पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में काम पर गए हुए थे। सुप्रीत दो भाइयों में छोटा था और उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बरसात में बढ़ा खतरा
बरसात के मौसम में नदियों और तालाबों का जलस्तर बढ़ने से डूबने की घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों को जलाशयों के आसपास अकेले न जाने देने और उन पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है।








