20 जुलाई तक मिलेगा मुफ्त खाद्यान्न
अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मिलेगा निशुल्क राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी भी होगी उपलब्ध
बहराइच। जनपद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत जुलाई 2026 के लिए खाद्यान्न वितरण का कार्य 6 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद के सभी अंत्योदय अन्न योजना एवं पात्र गृहस्थी योजना के कार्डधारकों को निर्धारित मानक के अनुसार निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय अन्न योजना के तहत प्रत्येक राशन कार्ड पर 35 किलोग्राम खाद्यान्न, जिसमें 21 किलोग्राम चावल और 14 किलोग्राम गेहूं शामिल है, निशुल्क वितरित किया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थियों को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न, जिसमें 3 किलोग्राम चावल और 2 किलोग्राम गेहूं शामिल है, मुफ्त दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त अंत्योदय राशन कार्डधारकों को अप्रैल, मई और जून 2026 की तिमाही के लिए प्रति कार्ड 3 किलोग्राम चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वितरण की अंतिम तिथि 20 जुलाई को जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण संभव नहीं हो सकेगा, उन्हें मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से खाद्यान्न वितरित किया जाएगा।
उन्होंने सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वितरण अवधि में ई-पॉस मशीन पर लाभार्थियों का प्रमाणीकरण कर निर्धारित मात्रा में तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी उचित दर विक्रेता के विरुद्ध वितरण में अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








