संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरनाथ उर्फ भोलू, पुत्र स्वर्गीय प्रेम प्रकाश कान्दू, निवासी तिवारी टोला (मगहर), थाना कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई है। उसे मंगलवार को एनएच-28 स्थित हनुमान मंदिर, रसूलाबाद के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध चाकू बरामद हुए, जिसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
एक जुलाई को चाचा पर किया था हमला
पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे तकिया बाजार में आरोपी ने अपने चाचा विजय प्रकाश पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, मुख्य आरक्षी रविशंकर श्रीवास्तव तथा आरक्षी सत्य प्रकाश वर्मा शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।








