चंदौली। मुगलसराय पुलिस, औद्योगिक नगर चौकी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगी एक रेनाल्ट डस्टर कार से 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पटनवा तिराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर की ओर से एक काले रंग की रेनाल्ट डस्टर कार में अवैध गांजा लादकर वाराणसी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही मुगलसराय पुलिस, औद्योगिक नगर चौकी पुलिस और एसओजी टीम ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार पहुंची तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे दो प्लास्टिक के बोरों से 24 बंडलों में पैक 24.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
जांच के दौरान ई-चालान ऐप और चेसिस नंबर से सत्यापन करने पर पता चला कि कार पर लगी यूपी-16-बीवाई-9490 नंबर प्लेट फर्जी थी और किसी दूसरे वाहन की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने और पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमाकांत उर्फ हिमांशु (22) पुत्र गोपाल प्रसाद चंद्रवंशी, निवासी बंधन टोला आरा, थाना नवादा, जनपद भोजपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मिर्जापुर से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी रामजनम यादव, चौकी प्रभारी सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रकाश कुमार सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार और सुनील गुप्ता सहित संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।








