महराजगंज। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के संकल्प के साथ नगर पंचायत के शहीद भगत सिंह वार्ड स्थित पनियरा इंटर कॉलेज (मन्नान खां विद्यालय) में वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विभाग की टीम ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बांकी रेंज, पनियरा के वन क्षेत्राधिकारी हरकेश नायक रहे। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यालय परिवार के साथ मिलकर परिसर में फलदार, छायादार और इमारती लकड़ी के बहुमूल्य पौधे, जिनमें सागौन भी शामिल है, लगाए।
“पौधा लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल भी जरूरी”
वृक्षारोपण के बाद वन क्षेत्राधिकारी हरकेश नायक ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी सुरक्षा और देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधों को नियमित पानी देना, खाद उपलब्ध कराना और उन्हें मवेशियों से बचाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक छोटा पौधा भविष्य में शुद्ध हवा, छाया और फल देकर आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बनेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जन्मदिन, त्योहार या अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे वन विभाग के अधिकारी
कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय वनाधिकारी मनीष तिवारी, अजीत पति त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, रितेश यादव, विशाल गौड़, विनय यादव, दौलत सिंह, देवीदीन, सुनील गुप्ता, राम नारायण सिंह सहित वन विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर पनियरा इंटर कॉलेज (मन्नान खां विद्यालय) के प्रबंधक आफाक आलम उर्फ सैफ खां तथा प्रधानाचार्य आफताब आलम खां ने वन क्षेत्राधिकारी हरकेश नायक और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि परिसर में लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी, ताकि वे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।








