अंबेडकरनगर। सात राज्यों की पुलिस के लिए चुनौती बने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने मुठभेड़ में मार गिराया। बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के पास हुई मुठभेड़ में एसटीएफ का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान घायल हुए बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया (देसी बंदूक), भारी मात्रा में कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की छैमार निवासी मकनपुर गांव, थाना बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, आसिफ पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों में डकैती, हत्या और लूट के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह अपने गिरोह के साथ घरों में घुसकर परिवारों को बंधक बनाकर डकैती डालता था और विरोध करने पर हत्या करने से भी नहीं चूकता था।
आसिफ वर्ष 2013 में सुल्तानपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई हत्या के बाद डकैती के चर्चित मामले में भी वांछित था। इसके अलावा जौनपुर के शाहगंज में डकैती के दौरान दो महिलाओं की हत्या, कौशांबी में दंपती की हत्या तथा मुजफ्फरनगर में एक ही रात कई घरों में डकैती जैसी कई सनसनीखेज वारदातों में उसकी तलाश की जा रही थी।
फिलहाल एसटीएफ और स्थानीय पुलिस मुठभेड़ से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।








