चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त, अमानीगंज मार्ग पर घंटों बाधित रहा आवागमन
जर्जर पोल बदलने की मांग के बावजूद नहीं चेता विभाग, लोगों में आक्रोश
रुदौली,अयोध्या ! नगर पालिका क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही बुधवार सुबह उस समय सामने आ गई, जब अमानीगंज मार्ग स्थित काशीपुर मोहल्ले के पास एक जर्जर विद्युत पोल अचानक बीच सड़क पर भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, पोल की चपेट में आने से एक चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।पोल गिरने से कुछ समय के लिए अमानीगंज मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में कई स्थानों पर वर्षों पुराने और जर्जर विद्युत पोल खड़े हैं, जिन्हें बदलने की मांग लगातार की जा रही है। इसके बावजूद विद्युत विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।नगरवासियों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की संवेदनहीनता के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि यदि यह पोल व्यस्त समय में गिरता तो गंभीर जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता था।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जर्जर विद्युत पोलों को तत्काल बदलने और पूरे नगर क्षेत्र का सर्वे कर जोखिम वाले पोलों को हटाने की मांग की है।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।








