औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के निमझना गांव के बाहर बुधवार को एक युवक का शव नाले में उतराता मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
निमझना निवासी दिनेश (25) कुमार पुत्र हरिराम पिछले लगभग दो माह से अजीतमल स्थित अपनी बहन के घर रह रहा था और दो दिन पहले ही गांव निमझना वापस आया था। ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार देर रात वह शराब के नशे में गांव के बाहर पुलिया पर बैठा था, तभी असंतुलित होकर नाले में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई खेती करते हैं। जबकि दिनेश घर पर ही रहता था। युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
नाले में पड़ा मिला युवक का शव, दो दिन पहले लौटा था गांव








