दंपती घायल; पति जिला अस्पताल रेफर
बाराबंकी। कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र में बुधवार दोपहर भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर जेठबनी मोड़ के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामसनेहीघाट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान उमेश चंद्र (45) पुत्र गुरुदयाल निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना देवा (वर्तमान निवासी बकी, जनपद बाराबंकी) तथा उनकी पत्नी सोमवती (40) के रूप में हुई है।
उमेश चंद्र ने बताया कि वह पत्नी के साथ बाइक से रामसनेहीघाट क्षेत्र के भानपुर गांव में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। भिटरिया चौराहे से हैदरगढ़ मार्ग पर मुड़ने के बाद उन्हें अचानक झपकी आने लगी। जेठबनी मोड़ के पास सामने एक साइकिल सवार को देखकर उसे बचाने के लिए उन्होंने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल इमरजेंसी एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस दोनों घायलों को सीएचसी रामसनेहीघाट ले गई, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
सीएचसी रामसनेहीघाट के केंद्र अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि उमेश चंद्र के हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, सोमवती की हालत सामान्य है और उनका उपचार सीएचसी में जारी है।








