बाराबंकी: शिक्षकों और रसोइयों के लिए
बाराबंकी। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत शिक्षकों और रसोइयों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को तहसील सभागार में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच हुए समझौते के तहत मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि एसडीएम अनुराग सिंह ने कहा कि सरकार की यह पहल शिक्षकों और रसोइयों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि सुविधाओं के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं, इसलिए शिक्षकों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाना चाहिए।
उन्होंने सभी शिक्षकों से भारतीय स्टेट बैंक में विशेष वेतन खाता खुलवाने अथवा अपने वर्तमान वेतन खाते को एसबीआई में स्थानांतरित कराने का आह्वान किया, ताकि वे योजना का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें।
खंड शिक्षा अधिकारी संजय राय ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से बीमारी के समय शिक्षकों और रसोइयों को आर्थिक चिंता से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग और एसबीआई के बीच हुए समझौते का लाभ प्रत्येक पात्र शिक्षक और रसोइए तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, रामसनेहीघाट शाखा की मुख्य शाखा प्रबंधक ने बताया कि विशेष वेतन खाते से जुड़ने वाले कर्मचारियों को कैशलेस इलाज के अलावा व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, विशेष बैंकिंग सुविधाएं और अन्य वित्तीय लाभ भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, रसोइये तथा बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।








