कानपुर-लखनऊ हाईवे पर मवेशियों से लदे वाहनों को रुकवाया, पुलिस ने जांच शुरू की; तहरीर के आधार पर कार्रवाई की तैयारी।
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब गुजरात के जूना अखाड़ा के स्वामी 1008 स्वामी चंद्रानंदन गिरी ने पांच वाहनों में मवेशी लदे होने पर उन्हें रुकवा लिया। चालकों से मवेशियों के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गदनखेड़ा बाईपास की है। स्वामी चंद्रानंदन गिरी अपने सेवकों के साथ लखनऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पांच अलग-अलग वाहनों में मवेशी लदे दिखाई दिए। उनके साथ मौजूद बृजवासी गौ रक्षक सेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने चालकों को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर चालक अभद्रता करने लगे, जिससे विवाद बढ़ गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वाहनों को ललऊखेड़ा चौकी ले गई। पुलिस ने वाहनों में मौजूद मवेशियों की गिनती कराई, जिसमें कुल 31 मवेशी मिले। इनमें एक वाहन में दो, दूसरे में तीन, तीसरे में सात, चौथे में दो और पांचवें वाहन में 17 मवेशी पाए गए। पुलिस के अनुसार, इनमें भैंस और पड़वा शामिल हैं।
बृजवासी गौ रक्षक सेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी विनी सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








